skip navigation

This website uses CSS layout which is not compatible with your current browser. Please consider using a more up to date browser to view this site.


मुझे एमएस क्यों हुआ?

"जब तक खुद मुझे एमएस होने का पता नहीं चला तब तक मुझे एहसास नहीं था कि एमएस के बारे में कितनी अज्ञानता मौजूद है। मेरी मां रोने लगी और कहने लगी कि तुम्हें व्हीलचेयर में बैठना पड़ेगा और तुम्हारी मृत्यु हो जाएगी। मुझे उन्हें समझाना पड़ा कि पांच में से सिर्फ एक व्यक्ति को व्हीलचेयर का सहारा लेना पड़ता है और एमएस से ग्रस्त लोगों की जीवन प्रत्याशा सामान्य होती है।"

एमएस आपकी गलती से नहीं होता है और इसका आपकी जीवनशैली या व्यवहार से कोई लेना-देना नहीं है। हालांकि कोई भी निश्चित नहीं है कि लोगों को एमएस क्यों होता है, पर अनुसंधान से पता चलता है कि यह आनुवंशिक और पर्यावरणीय कारकों के मेल से होता है।

यूके में लगभग ८५,००० लोगों को एमएस है, यानी हर लगभग ८००-१००० लोगों में एक व्यक्ति को। एमएस से ग्रस्त लोगों की बहुसंख्या को यह बीमारी होने का पता तब चलता है जब उनकी उम्र २० और ४० के बीच होती है। पुरुषों की तुलना में महिलाओं के बीच यह लगभग दोगुना ज्यादा व्याप्त है।

आपने किसी से मल्टीपल स्क्लीरोसिस ग्रहण नहीं किया, आपमें यह विकसित हुआ। सरल शब्दों में, एमएस तब होता है जब मस्तिष्क और मेरु रज्जु (जिससे केंद्रीय तंत्रिकातंत्र बनता है) की तंत्रिकाओं के इर्दगिर्द के सुरक्षात्मक पदार्थ, मायलिन, को क्षति पहुंचती है। जब मायलिन को क्षति होती है, तो आपके मस्तिष्क से आपके शरीर को जाने वाले संदेश धीमे हो जाते हैं या पहुंचते ही नहीं हैं, जिससे एमएस के लक्षण पैदा होते हैं।

एमएस एक ऑटोइम्यून रोग है। इसका अर्थ यह है कि आपकी रोगरोधक प्रणाली ही आपके शरीर पर आक्रमण करती है। सामान्यतया, रोगरोधक प्रणाली संक्रमण से लड़ने में सहायता करती है लेकिन एमएस होने पर, यह आपके शरीर के ऊतकों, खासकर मायलिन और तंत्रिका के रेशों को गलती से बाहरी समझ लेती है।

मायलिन की क्षति से तंत्रिका के रेशे आंशिक रूप से या पूर्णतः खुल जाते हैं, और उनमें धब्बे पड़ जाते हैं जिन्हें लीजन या प्लाक कहते हैं। सुरक्षा का यह अभाव तंत्रिका के रेशों के जरिए जा रहे संदेशों को बाधित करता है। संदेश धीमे पड़ सकते हैं, विकृत हो सकते हैं, एक तंत्रिका रेशे से दूसरे में जा सकते हैं (शॉर्ट सर्किटिंग), या पहुंचते ही नहीं हैं।

मायलिन की क्षति के साथ ही, कभी-कभी वास्तविक तंत्रिका रेशों को भी क्षति हो सकती है। तंत्रिका को होने वाली यह क्षति ही है जो समय के साथ संचित होने वाली अशक्तता का कारण बनती है।

चूंकि केंद्रीय तंत्रिकातंत्र सभी शारीरिक गतिविधियों को जोड़ता है, इसलिए एमएस में कई प्रकार के लक्षण उभर सकते हैं। उभरने वाले विशिष्ट लक्षण इस बात पर निर्भर करते हैं कि आपके केंद्रीय तंत्रिकातंत्र का कौन-सा भाग प्रभावित है और क्षतिग्रस्त तंत्रिका का काम क्या होता है।

आप दिए गए प्रकाशनों को डाउनलोड करके एमएस के बारे में और अधिक पढ़ सकते हैं।